लापता किसान का 12 घंटे बाद मिला शव, हत्या की आशंका
डिबाई। दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव दौरऊ से लापता किसान राजवीर का शव बुधवार सुबह गांव बाहर निकलने वाले रास्ते पर पड़ा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने किसान की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि बुधवार शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी है।
अनूपशहर मार्ग पर स्थित गांव दौरऊ निवासी राजवीर (52) खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मंगलवार शाम को वह घर पहुंचे और परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद उनके फोन पर शाम करीब सात बजे किसी की कॉल आई थी। इसके बाद राजवीर फोन पर बात करते हुए घर से निकल गए। परिजनों को लगा कि वह किसी से मिलने के लिए गए हैं। कुछ ही देर में वापस आ जाएंगे। लेकिन, देर रात करीब दस बजे तक भी वह वापस नहीं आए। इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। लेकिन, उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे तो उन्होंने राजवीर का शव खड़ंजे पर पड़ा हुआ देखा। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। राजवीर की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
चेहरे पर मिले चोट के निशान
मृतक के चेहरे पर दाईं ओर गंभीर चोट के निशान हैं, साथ ही मौके पर काफी खून भी पड़ा हुआ मिला। परिजनाें व ग्रामीणों ने राजवीर की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।
सीडीआर खंगालेगी पुलिस
राजवीर की मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इसके अलावा मृतक की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। ताकि स्पष्ट हो सके कि घटना से पूर्व घर से निकलते वक्त व अंतिम बार उसकी किससे बात हुई है।
कोट
मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतक के चेहरे पर दाईं ओर चोट के निशान हैं। जल्द ही मामले का राजफाश कर दिया जाएगा। - वंदना शर्मा, सीओ डिबाई