घरेलू कलह में बैंक कैशियर ने फंदा लगाकर दी जान
बुलंदशहर। मोहल्ला शास्त्रीनगर में बैंक कैशियर हरेंद्र (35) ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का सामने आ रहा है।
हरेंद्र (35) पुत्र पृथ्वी सिंह औरंगाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में कैशियर के पद पर तैनात थे। नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मोहल्ला शास्त्रीनगर में किसी व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी कर लेने की सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि एक राष्ट्रीयकृत बैंक में कैशियर पद पर कार्यरत युवक ने फंदा लगाया है। उसकी पत्नी अपने मासूम पुत्र को लेकर मायके गई हुई थी। घर पर उसका भाई और अन्य परिजन मौजूद थे। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका है, लेकिन जांच पूरी होने तक कुछ कहना संभव नहीं है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।