महिला से मारपीट मामले में कार्रवाई न करने पर दरोगा लाइन हाजिर
बुलंदशहर। डिबाई थाना क्षेत्र की धर्मपुर पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा अमित कुमार को एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित दंपती का आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की थी। महिला के पेट में आठ माह के बच्चे की मौत हो गई थी। आरोप है कि चौकी इंचार्ज कार्रवाई करने की बजाए उन पर फैसले का दबाव बनाते रहे। एसएसपी ने फोन पर चौकी इंचार्ज से पूछताछ की और तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
गांव जरेना निवासी शैलेंद्र और उसकी पत्नी रश्मि बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। दंपती ने शिकायती पत्र देकर बताया कि गत 22 अगस्त को जमीन के विवाद में गांव के ही लतेश, सुशील, सचिन, जितेंद्र, नत्थी उर्फ नत्थू सिंह, मेघ सिंह, विशाल और रविंद्र और तीन अज्ञात ने शैलेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। पति को बचाने के लिए जब रश्मि पहुंची तो उसे भी पीटा। उसका आठ माह के बच्चे की पेट में ही मौत हो गई। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज अमित कुमार ग्रामीणों के शपथ पत्र ले रहा है और फैसले का दबाव बना रहा है। एसएसपी ने दरोगा को फोन पर हड़काया और गिरफ्तारी न होने का कारण पूछा। संतोषजनक जवाब न देने पर दरोगा अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी संतोष कुमार ने बताया कि पीड़ितों के प्रति चौकी इंचार्ज ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई और फैसले के लिए दबाव बनाने के आरोप में चौकी इंचार्ज का लाइन हाजिर किया गया है।