प्रसूता की मौत मामले में ईएमटी निलंबित
बुलंदशहर। सोमवार रात को नरौरा क्षेत्र में एंबुलेंस के अभाव में प्रसूता की मौत होने पर बुधवार को विभागीय अफसर जांच में जुटे रहे। कॉल करने के बाद मौके पर एंबुलेंस न ले जाने पर ईएमटी को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, विभागीय अफसरों की जांच में रास्ता खराब होने की बात कही गई।
नरौरा के रामघाट थाना क्षेत्र के गांव ऊंचागांव खादर निवासी श्रीनिवास यादव ने आरोप लगाया है कि सोमवार रात को पत्नी के प्रसव पीड़ा होने पर रात नौ बजे 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस की सहायता मांगी गई। दो घंटे बाद भी एंबुलेंस कर्मी के न आने पर पत्नी द्वारा बेटी को जन्म देने के बाद हालत बिगड़ गई और तीन घंटे बाद पत्नी ने उपचार न मिलने के अभाव में दम तोड़ दिया। समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होने पर डीएम के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य अफसर और एंबुलेंस प्रभारी संबंधित क्षेत्र में पहुंचे और जांच की। एंबुलेंस सेवा प्रभारी अंशु गोयल ने बताया कि चालक द्वारा रास्ता खराब होने की बात कही गई, मौके पर रास्ता खराब मिला। वहीं, एंबुलेंस में ईएमटी के न होने पर लापरवाही सामने आई। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की गई। जांच रिपोर्ट बनाकर डीएम को सौंप दी गई है।