कृषि उप निदेशक समेत चार अधिकारियों का हुआ तबादला
बुलंदशहर। कृषि विभाग में कृषि उप निदेशक समेत चार अधिकारियों का तबादला हो गया है। यह तबादले शासन स्तर से किए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी और जिला कृषि रक्षा अधिकारी को छोड़कर उप कृषि निदेशक और जिला भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर अभी किसी अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो सकी है।
शासन की ओर से उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी का तबादला मुजफ्फरनगर में इसी पद पर किया गया है। जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह का तबादला मथुरा हुआ है। इनके स्थान पर शासन स्तर से राजकीय कृषि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक राहुल तेवतिया को जिला कृषि अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमरपाल का तबादला इसी पद पर मेरठ में हुआ है। इनके स्थान पर लखनऊ में इसी पद पर तैनात दिग्विजय सिंह को तैनात किया गया है। इसी तरह जिला भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा का तबादला देवरिया में इसी पद पर हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभी शासन स्तर से उप कृषि निदेशक और जिला भूमि संरक्षण अधिकारी के पद पर किसी अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है। संभावना है कि इन दोनाें अधिकारियों की तैनाती शासन स्तर से जल्द हो जाएगी।
एक सप्ताह में जिले से 16 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले
शासन द्वारा सभी विभागों में बड़े स्तर पर तबादले किए जा रहे हैं। शुक्रवार को शासन ने तहसीलदार अमित कुमार को सहारनपुर और तहसीलदार हीरा लाल का अलीगढ़ तबादला किया है। उनके स्थान पर अलीगढ़ से संतोष कुमार द्वितीय और बहराइच से नवीन कुमार को जिले में तैनात किया है। इससे पहले डीपीआरओ, सीएमओ, दो वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षा विभाग के 10 अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला किया जा चुका है।