अनूपशहर में गंगा में दिखे डॉल्फिन के दो बच्चे
बुलंदशहर। इस समय कोरोना काल में स्वच्छ हो रही गंगा में जलीय जीवों की अठखेलियां देखने को मिल रही हैं। स्वच्छ जल में जहां कछुआ और घड़ियाल दिख रहे हैं तो अब डॉल्फिन अठखेलियां कर रही हैं। अनूपशहर, अहार, कर्णवास और नरौरा क्षेत्र में डॉल्फिन का पूरा कुनबा एक साथ घूम रहा है। गंगा वॉरियर्स की टीम डॉल्फिनों की सुरक्षा में लगी हुई है। अब डॉल्फिन के दो बच्चे दिखे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कोरोना काल के दौरान ब्रजघाट से लेकर नरौरा तक गंगा के रामसर साइट में जल इतना स्वच्छ है कि जलीय जीव गंगा के पानी में अठखेलियां करते हुए साफ दिख रहे हैं। कुछ समय पहले अहार गंगा क्षेत्र में कछुआ और घड़ियाल खूब दिखे थे, जिसके बाद अब डॉल्फिन का कुनबा गंगा में अठखेलियां करता दिख रहा है।
बुधवार को कर्णवास-अनूपशहर क्षेत्र में डॉल्फिन उछल कूद कर रही थीं और गंगा वॉरियर्स के अध्यक्ष आर्यन गौड़ ने तस्वीरों को अपने कैमरे में कैद कर लिया। बताया गया कि यह करीब पांच डॉल्फिन एक साथ पानी में चल रहीं थीं। यह भी बताया गया कि डॉल्फिन के दो बच्चे दिखे थे, जिनकी तलाश भी जारी है।
--------
गंगा में 39 डॉल्फिन कर रहीं विचरण
बिजनौर से लेकर नरौरा तक गंगा में पहले 35 डॉल्फिन थीं। गत वर्ष डब्ल्यूडब्ल्यूएफ और वन विभाग ने डॉल्फिन की गणना की तो इसमें छह और डॉल्फिन मिली थीं। इस तरह से डॉल्फिन की संख्या 41 हो गई थी। लेकिन कुछ माह पहले नरौरा में दो डॉल्फिन की मौत हुई तो अब इनकी संख्या 39 रह गई है। बताया जा रहा है कि अब डॉल्फिन के दो बच्चे भी गंगा में मौजूद हैं। इनकी संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
--------