किसान पर तानी बंदूक (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
कुख्यात अपराधी सुशील उर्फ घोड़ा ने एक किसान को बंधक बनाकर पांच लाख की रंगदारी मांगी। मना करने पर किसान को जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया। किसी तरह जान बचाकर भागे किसान ने थाने में तहरीर देकर एफआइआर दर्ज कराई है।
सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव भैंसरौली निवासी महेश पुत्र प्रहलाद सिंह ने बुधवार को सलेमपुर थाने पर तहरीर दी है। जिसमें उसने बताया कि मंगलवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह अपने ट्यूबवेल को बंद करने के लिए गया था। ट्यूबवेल बंद करने के बाद जैसे ही वह घर के लिए निकला तो रास्ते में स्कूटी पर सवार गांव निवासी कुख्यात अपराधी सुशील उर्फ घोड़ा अपने साथी के साथ वहां पहुंच गया। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित की कनपटी पर पिस्टल लगाकर स्कूटी पर बैठा लिया और अपने साथ जंगल की ओर ले गया। जहां पहले से ही दो बाइकों पर उसके चार साथी मौजूद थे।
आरोप है कि आरोपियों ने इस दौरान पीड़ित से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी। रुपये देने से इंकार करने पर आरोपी ने उसे कहीं और ले जाकर हत्या की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उसे दोबारा स्कूटी पर बैठा लिया और जंगल की ओर ले जाने लगा। कुछ दूर चलने के बाद पीड़ित ने मौका पाकर स्कूटी के ब्रेक दबा दिए। जिससे स्कूटी गिर गई और पीड़ित ने आरोपी को धक्का दे दिया और भागने की कोशिश की। उसी दौरान कुख्यात ने जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्टल तान दिया। लेकिन पिस्टल से फायर नहीं हुआ। जिसके बाद आरोपी ने पिस्टल की बट से पीड़ित के सिर पर वार कर दिया। इस बीच पीड़ित शोर मचाता हुआ गांव की ओर भाग गया।
मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी कुख्यात बदमाश सुशील उर्फ घोड़ा समेत उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा-
दलवीर सिंह, थाना प्रभारी सलेमपुर