1.50 लाख रुपये के गांजे के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
बुलंदशहर। जिले में गांजे की तस्करी करने वाले पांच आरोपियों को 1.50 लाख रुपये के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी छात्र और युवाओं से संपर्क करके उन्हें गांजा उपलब्ध कराते हैं। इसके एवज में मोटी रकम भी वसूलते हैं। पुलिस ने इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी है। बुलंदशहर के अलावा यह गिरोह गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, हापुड़ और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में गांजा सप्लाई करते हैं।
नगर कोतवाली पुलिस की एक टीम सोमवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शिकारपुर तिराहे पर कुछ शातिर गांजे की तस्करी के लिए आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शिकारपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपी कार को मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। कुछ दूरी पर ही पुलिस ने कार को घेराबंदी कर रोक लिया। साथ ही कार में सवार पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। जिनकी शिनाख्त प्रवीन निवासी गांव रसूलपुर थाना सलेमपुर, जतन सैनी निवासी मोहल्ला मुफ्तीवाड़ा थाना शिकारपुर, भूपेंद्र निवासी बी-133 यमुनापुरम कोतवाली देहात, अली अब्बास निवासी मोहल्ला गंज सादात थाना शिकारपुर और जसविंदर सिंह उर्फ मन्नी उर्फ कालू निवासी मोहल्ला माधवपुरम थाना ब्रह्मपुरी मेरठ के रूप में हुई। आरोपियों की कार से पुलिस ने 28.400 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया है। जिसकी बाजार में कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है। पूछताछ में आरोपी जसविंदर और अली अब्बास ने बताया कि वह लोग जतन, भूपेंद्र और प्रवीण से गांजा खरीदते थे। जसविंदर शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर मेरठ के विभिन्न थानों में सात मामले दर्ज हैं।
कार की सीटों में बॉक्स बनाकर आरोपी कर रहे थे तस्करी
पुलिस ने जब आरोपियों की पकड़ी गई कार की तलाशी ली तो देखा कि कार की सीटों के भीतर आरोपियों ने बॉक्स बनाए हुए थे। जिनके अंदर गांजा भरकर तस्करी करते थे। जिससे पुलिस को भी उनकी कार चेकिंग के दौरान कोई शक नहीं होता था। इसी के चलते वह पूर्व में भी कई बार पुलिस को चकमा दे चुके हैं।
आंध्र प्रदेश और उड़ीसा का गांजा जनपद में हो रहा है सप्लाई
जनपद में गत एक वर्ष में करीब दो करोड़ रुपये से अधिक का गांजा पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में हर बार सामने आता है कि यह गांजा आंध्र प्रदेश और उड़ीसा राज्यों से सप्लाई होता है। पुलिस हर बार कुछ छुटमुट तस्करों को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपा लेती है। मुख्य तस्करों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाते हैं। पकड़े गए आरोपियों ने भी बताया कि यह गांजा उन्होंने उड़ीसा से मंगाया है।
कोट
पांच शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से डेढ़ लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद हुआ है। पांचो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी