फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस गई चुनाव कराने, चौकियों पर लटके ताले

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस गई चुनाव कराने, चौकियों पर लटके ताले
विज्ञापन

बुलंदशहर। जिले की पुलिस दूसरे जनपदों में चुनाव कराने गई है। जनपद में मतदान संपन्न होने के बाद जनपद की 50 फीसदी पुलिस जहां चुनाव हो रहा है, वहां की सुरक्षा में भेज दी गई है। इससे थाना-चौकियों पर सीमित पुलिसकर्मी ही रह गए हैं। पुलिस चौकियों पर ताले लटके हुए हैं। तब तक जिले के लोगों को अलर्ट रहने की आवश्यकता है।
मंगलवार रात को अमर उजाला की टीम ने जनपद के सात थानों नगर कोतवाली, गुलावठी, सिकंदराबाद, चोला, खुर्जा देहात, खुर्जा नगर, कोतवाली देहात की विभिन्न चौकियों का जायजा लिया तो सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे दिखाई दी। रात 10.48 से तड़के करीब 3.15 बजे तक इन क्षेत्रों में पुलिसकर्मी नदारद नजर आए। नगर के लल्ला बाबू चौराहे पर बने पुलिस सहायता केंद्र पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। नगर की आवास विकास प्रथम चौकी पर भी ताला लटका मिला और देहात कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर गांव जैनपुर तिराहे पर पुलिस पिकेट भी नजर नहीं आई। न ही हाईवे पर पुलिस की पेट्रोलिंग कार भी कहीं नजर आई। बराल चौकी पर सिर्फ एक पुलिसकर्मी नजर आया। सिकंदराबाद की खुर्जा गेट चौकी पर और बुलंदशहर चौराहे पर भी पुलिसकर्मी नदारद थे। खुर्जा नगर की सवाराम चौकी, मखदूमगंज चौकी और नवदुर्गा शक्ति मंदिर चौकी पर भी ताला लटका हुआ मिला। तड़के करीब 3.15 बजे कालाआम चौकी पर भी सन्नाटा पसरा हुआ था।
विज्ञापन

रात 11:23 बजे : संतपुरा चौकी पर सो रहे थे कुत्ते
सिकंदराबाद कोतवाली की संतपुरा चौकी का रात 11.23 बजे सन्नाटा पसरा था। न कहीं लाइट जल रही थी और न ही यहां कोई पुलिसकर्मी नजर आया। कुर्सियों पर कुत्ते सोते हुए नजर आए। चौकी के निकट एक डायल 112 की गाड़ी गश्त करती जरूर नजर आई।
रात 11.59 बजे : जोखाबाद चौकी पर एक सिपाही
सिकंदराबाद की रिपोर्टिंग चौकी जोखाबाद काफी महत्वपूर्ण चौकी है। इंडस्ट्रियल एरिया होने के साथ ही यह चौकी हाईवे की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। यहां रात 11.59 बजे एक पुलिसकर्मी तैनात नजर आया। पूछताछ में उसने बताया कि चौकी इंचार्ज टीम के साथ दबिश में गए हैं और अन्य फोर्स चुनाव ड्यूटी में गई हुई है।
रात 2.04 बजे : बैरिकेडिंग लगी थी, लेकिन पुलिस नहीं
खुर्जा देहात की धराऊं पुलिस चौकी चोला-खुर्जा मार्ग पर स्थित है। यहां रात में करीब 2.04 बजे सड़क पर बैरिकेडिंग तो दिखाई दिए, लेकिन पुलिसकर्मी कोई नहीं था। चौकी के अंदर पहुंचने पर मुख्य द्वार पर ताला लटका हुआ मिला। सड़क पर भी पुलिसकर्मी कई किलोमीटर तक दिखाई नहीं दिए।
रात 2:46 बजे : ठंडी प्याऊ चौकी पर था सन्नाटा
देहात कोतवाली की ठंडी प्याऊ चौकी नेशनल हाईवे 91 पर स्थित है। यहां एक दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती है। मंगलवार रात 2.46 बजे चौकी पर सन्नाटा पसरा हुआ था। चौकी पर ताला लटका हुआ था। जबकि, नेशनल हाईवे पर कहीं भी पुलिस की पेट्रोलिंग कार नजर नहीं आई।
तड़के 3:02 बजे : भूड़ चौकी पर लटका था ताला
देहात कोतवाली का भूड़ चौराहा जनपद के व्यस्ततम चौराहों में से एक है। चौराहे के निकट ही सुरक्षा को चाक चौबंद करते हुए चौकी बनी हुई है। मंगलवार रात करीब 3.02 बजे चौकी पर ताला लटका हुआ था। चौकी पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। चौराहे पर भी पुलिसकर्मी नदारद नजर आए।
ड्यूटी पर गए करीब 1100 पुलिसकर्मी
जनपद में पहले से ही पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 45 फीसदी कम है। बावजूद बीते दिनों गैरजनपदों में चुनाव कराने के लिए यहां से करीब 1100 पुलिसकर्मी रवाना हो चुके हैं। इसमें 105 इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर, 980 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल शामिल हैं।
छह दिन में हुई पांच चोरी, तीन लूट
फोर्स की कर्मी से जनपद में चोरी और लूट की वारदात बढ़ गई हैं। गुलावठी, सिकंदराबाद और नगर में बीते छह दिन में पांच चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। शिकारपुर और सिकंदराबाद में लूट की वारदात हुई हैं।
विज्ञापन

सुरक्षा के प्रति रहें सतर्क
लगभग 50 फीसदी फोर्स गैरजनपदों में चुनावी ड्यूटी में है। कुछ चौकियों पर दो-तीन पुलिसकर्मी ही रह गए हैं। जिन्हें गश्त के अलावा अन्य कार्य भी करने पड़ रहे हैं। अंतिम चरण का मतदान होने के बाद फोर्स वापस आ जाएगी। तब तक जनपदवासियों से भी आह्वान है कि वह भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें