भाभी के साथ किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ उसकी ससुराल में रिश्ते के देवर ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता को विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का ससुराल वालों ने दहेज के लिए उत्पीड़न भी किया। पीड़िता ने मामले में चार महिलाओं समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर कोतवाली में एक मोहल्ला निवासी पीड़ित महिला ने तहरीर देकर बताया कि कुछ वक्त पहले उसका निकाह क्षेत्र के ही एक युवक से हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे और दहेज की मांग करते हुए उसको प्रताड़ित किया जाने लगा। एक बार उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की गई। कुछ माह पहले ससुराल में उसको अकेले देखकर एक आरोपी रिश्ते के देवर ने दुष्कर्म किया। उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया गया। बीते दिनों ससुराल के ही एक युवक द्वारा उसको डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। उसके विरोध करने पर जान से मार देने की धमकी दी गई। बाद में उसे ससुराल से निकाल दिया गया। नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार महिलाओं समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नगर कोतवाल अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।