ईदगाह रोड स्थित मुस्लिम डिग्री कालेज के परिसर में कूड़े में लगी आग।
- फोटो : BULANDSHAHR
एक्यूआई खतरे में... आदतों में नहीं हो रहा सुधार
बुलंदशहर। जनपद का एक्यूआई खतरे के पार चलने के बाद भी जनपदवासी अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं। शनिवार को नगर के मुस्लिम गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में कूड़े के ढेर को आग के हवाले कर दिया गया। शनिवार को जिले का एक्यूआई 323 मापा गया।
ईदगाह रोड स्थित मुस्लिम गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में किसी कर्मी या व्यक्ति द्वारा कूड़े के ढेर को आग के हवाले कर दिया गया। जिससे करीब तीन से चार घंटे तक आग जलती रही और उठने वाले धुएं से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद भी सफाईकर्मी और नगरवासी अपनी आदतों में सुधार करने को जागरूक नहीं है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि धुंए के कारण सांस के मरीजों की परेशानी काफी बढ़ जाती है। कूड़ा-कचरा या प्लास्टिक जलाने के कारण वायु में प्रदूषण की मात्रा बढ़ने से छोटे-छोटे कण सांस के साथ अंदर चले जाते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी बढ़ जाती है। सांस के मरीजों को मुंह पर कपड़ा ढककर रहना चाहिए।
मुस्लिम गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्राचार्या डॉ. मणि शर्मा का कहना है कि कॉलेज परिसर में कूड़े में आग लगाने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार का मामला न हो इसके लिए सख्त निर्देश दिए जाएंगे।
एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार का कहना है कि यदि कूड़ा जलाया जा रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ पालिका अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।