शहरवासियों को बुलंद बाजार की सौगात देगा बीडीए
बुलंदशहर। अगर सबकुछ सही रहा तो बीडीए जल्द ही शहरवासियों को एक बड़े बाजार की सौगात देने वाला है। वलीपुरा नहर के पास बुलंद बाजार के नाम से 60 दुकानों की मार्केट बना रहा है। यह मार्केट मार्च तक बनकर तैयार होने की संभावना जताई जा रही है। बीडीए के अनुसार करीब तीस दुकानें बनकर तैयार भी हो चुकी हैं। खास बात है कि इसकी पार्किंग की भी अलग से व्यवस्था की गई है।
बीडीए द्वारा शहर में एक नया मार्केट डेवलप होने जा रहा है। इसका नाम भी बुलंदशहर की तरह बुलंद बाजार रखा है। जिसमें एक सीध में 60 दुकानें बनने की योजना है। इसके पीछे एक पार्क भी बनाए जाने की योजना बनाई जा रही है। बुलंद बाजार बनने से वलीपुरा के आसपास रहने वाले लोगों को काफी फायदा पहुंचेगा। क्योंकि उन्हें बाजार जाने के लिए बहुत ही लंबा सफर तय करना होता है। बीडीए के अधिकारियों के अनुसार एक तो नगर का मुख्य बाजार शहर के बीच में है। उसके बाद वहां पार्किंग आदि की कोई सहुलियत नहीं है। भीड़ भाड़ अधिक होने के कारण बहुत से लोग वहां जाना स्थगित कर देते हैं। वलीपुरा नहर के पास बनने वाले बुलंद बाजार मुख्य सड़क के किनारे ही बना हुआ है। वहां पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था की जा रही हैं। दुकानों के बाहर ही लंबी पार्किंग बनाई जाएगी। जिसमें वाहन आराम से खड़े हो सकते हैं। मार्च तक मार्केट बनने की पूरी संभावना हैं। बताया जा रहा है कि काम युद्ध स्तर पर चल रहा है और अब तक करीब तीस दुकानें बन भी चुकी हैं।
वलीपुरा के पास बुलंद मार्र्केट का काम प्रगति पर है। जल्द ही शहरवासियों को एक अच्छा मार्केट जल्द ही मिल जाएगा।
-मोहम्मद शफाक्कत कमाल, उपाध्यक्ष बीडीए