शादी में गया परिवार के मकान से हजारों की चोरी
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के दनकौर रोड स्थित एक मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक मकान पर धावा बोलकर हजारों का माल साफ कर दिया। घटना के दौरान पीड़ित परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। पीड़ित ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दनकौर रोड स्थित थान सिंह नगर निवासी दीपक पुत्र पन्नालाल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह गत 26 जनवरी को पत्नी के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया हुआ था। जाने से पहले वह अपने दोनों बच्चों को अपने चाचा के पास छोड़ गया था। सोमवार सुबह चाचा ने फोन पर दीपक को घर का ताला टूटा पड़ा होने की जानकारी दी। पीड़ित आनन-फानन में रश्तेदारी से लौटकर आया तो घर का सामान इधर उधर पड़ा था और अलमारी से चोरों ने जेवरात व 16 हजार की नकदी और कपड़े चोरी कर लिए थे। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।