घोषणा करने के बाद कॉलेज बनवाना भूला शासन
बुलंदशहर। योगी सरकार ने जनपद में गत वर्ष मेडिकल कॉलेज खुलवाने की घोषणा की थी। इसके बाद शासन ने मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। जमीन की तलाश के बाद अभी तक इस पर काम शुरू नहीं हुआ।
गत वर्ष पूर्व जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों को सुविधाएं देने के लिए शासन ने मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। इसके लिए स्वास्थ्य अफसरों को नगर क्षेत्र के छह किमी परिधि में जमीन तलाशने के लिए निर्देश दिए थे। शासन से निर्देश मिलने पर गत वर्ष 2018 में स्वास्थ्य अफसर जमीन की तलाश करते रहे। निर्धारित परिधि में आने वाले दो स्थानों का नाम और मार्ग की रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी गई। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार शासन ने बुलंदशहर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने के लिए 2019 शुरू करने का आश्वासन दिया। लेकिन वर्ष जहां बीतने की ओर है वहीं, अभी तक शासन द्वारा मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर कोई योजना शुरू नहीं की गई है।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण से यह होगा लाभ
जनपद में अगर मेडिकल कॉलेज बन जाता है तो इसका फायदा मरीजों के साथ-साथ छात्रों को भी होगा। निर्माण होने के बाद छात्रों को शिक्षा के लिए दूर-दराज जाने से आजादी मिलेगी। साथ ही बेराजगारी में कमी आएगी और रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। वहीं, जनपद में स्वास्थ्य कर्मी की कमी भी पूरी होगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
कोट
गत वर्ष मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन की तलाश की गई थी। इस संबंध में शासन को अवगत करा दिया गया था। शासन द्वारा निर्माण कार्य कब किया जाएगा इसकी जानकारी नहीं है। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ