चोला स्थित एएसबी इंटर कालेज वैर में बेहोश हुई छात्रा
- फोटो : BULANDSHAHR
चोला क्षेत्र के एएसबी इंटर कॉलेज में शुक्रवार सुबह के समय 12वीं कक्षा में पढ़ रही छात्रा गर्मी के चलते बेहोश हो गई। इस कारण विद्यालय में हड़कंप मच गया। अध्यापकों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंचे अभिभावकाें ने खूब खरी-खोटी सुनाई। प्रधानाचार्य ने भी इस मामले में अपनी सफाई दी है।
बताया गया कि 12वीं कक्षा की छात्रा अंजलि पढ़ रही थी। जब उसे अध्यापक ने किताब पढ़ने के लिए खड़ा किया तो वह अचानक बेहोश होकर गिर गई। इसे देख विद्यालय में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना अंजलि के परिजनों को देने के साथ उसे विद्यालय के पास पीएचसी में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उपचार दिया।
सूचना पाकर पहुंचे अंजलि के पिता सतीश आदि ने अध्यापकों को खूब खरी-खोटी सुनाई और खुलासा किया कि विद्यालय में न तो बिजली है और न ही पंखे लगे हुए हैं। जबकि इस समस्या को दूर करने के लिए पिछले काफी समय से प्रधानाचार्य से बात की जा रही है। बावजूद इसके अभी तक किसी ने भीषण गर्मी और उमस से छात्रों को राहत देने की सुध नहीं ली।
उधर, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुखवीर सिंह का कहना है कि पिछले काफी समय से कानून पेंच के चलते बैंक खाते सीज हैं। इसके चलते राशि नहीं निकलने के कारण कई तरह की परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है। खातों का संचालन करवाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। जैसे ही खातों का संचालन शुरू हो जाएगा तो बिजली कनेक्शन के साथ पंखे लगवा दिए जाएंगे।
आदेश के बाद भी नहीं आए, अब बोले होगी कार्रवाई
बता दें कि पिछले दिनों नरौरा क्षेत्र के एक विद्यालय में पंखे आदि न होने के कारण 13 छात्राएं बेहोश हो गई थी। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी किया था कि यदि अब किसी भी विद्यालय में ऐसा मामला आया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि एएसबी इंटर कॉलेज बैर में गर्मी से बेहोश हुई छात्रा के मामले में जांच करवाई जाएगी। साथ ही जांच रिपेार्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं।