फर्जीवाड़ा : चार बीघा जमीन की कर दी कई बार रजिस्ट्री
बुलंदशहर। ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव झाझर में भूमाफिया ने चार बीघा जमीन पर फर्जीवाड़ा कर कई बार रजिस्ट्री कर दी। जानकारी होने पर पीड़ित ने विरोध किया तो माफिया व उसके साथियों ने उसे धमकाया। आरोप है कि माफिया ने पीड़ित की जमीन पर अन्य लोगों को फर्जी तरीके से पुन: रजिस्ट्री कर दी है। वहीं, मामले में मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने और उचित कार्रवाई न करने पर एसएसपी ने ककोड़ थाना प्रभारी और झाझर चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई है।
हरियाणा के फरीदाबाद निवासी दिलीप कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि 30 मार्च 2018 को उसने ककोड़ की झाझर चौकी क्षेत्र में कुटवाया रोड पर स्थित चार बीघा जमीन अपनी फर्म के नाम खरीदी थी। जमीन का बैनामा साधिका इंटरनेशनल की ओर से मुनेश कुमार निवासी मोहम्मदपुर केहरी ने किया। उस दौरान जमीन पर जलभराव होने के कारण पीड़ित ने चहारदीवारी नहीं कराई थी। कंपनी के संरक्षक संजय कुमार अग्रवाल और योगेश कुमार शर्मा ने कहा था कि पानी सूख जाने पर जमीन की चहारदीवारी करा देंगे। लेकिन, आरोपियों ने पानी सूखने के बाद पीड़ित की जमीन पर अपनी चहारदीवारी करा दी। साथ ही जमीन से कई और लोगों को फर्जी बैनामा अफसरों की मिलीभगत से करा दिए हैं। पीड़ित ने कंपनी के मालिक नई दिल्ली निवासी सुगेंद्र कुमार और रिंकू कुमार से भी संपर्क करने की कोशिश की। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से पूर्व में भी की। वहीं, आरोपी संजीव अग्रवाल, योगेश कुमार शर्मा, सुनील कुमार, दीपांशु अग्रवाल, डायरेक्टर सुगे्रंद्रपाल, रिंकू कुमार, विजेद्र कुमार सुमन और आमिर खान ने उसे जमीन पर कब्जा लेने पर हत्या करने व अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन, आरोपियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, पीड़ित ने अब अपनी जमीन पर नींव भी खुदवा दी है। लेकिन, आरोपी अब उस जमीन पर फिर से कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की जानकारी होने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी और चौकी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कोट
मामले में जानकारी मिली थी। भूमाफिया द्वारा जमीन का फर्जीवाड़ा कर वादी की जमीन का कई लोगों को बैनामा करने की बात सामने आई है। आरोपियों द्वारा कब्जा करने की कोशिश की भी शिकायत मिली। ककोड़ थाना पुलिस और झाझर चौकी प्रभारी को सख्त निर्देश दिए हैं। यदि लापरवाही मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी