साइड देने को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में युवक घायल
अनूपशहर। मोहल्ला देहलीगेट नई बस्ती में एक ई-रिक्शा चालक ने वैन चालक को साइड देने की बजाय अभद्रता करनी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद में एक युवक विनय घायल हो गया। पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अहार थाना क्षेत्र के गांव अमरपुर निवासी विनय ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार शाम वह अपनी कार से टेंट से संबंधित सामान उतारकर वापस अपने गांव अमरपुर जा रहा था। इस दौरान सामने की ओर से ई-रिक्शा लेकर आ रहे चालक अब्बास निवासी नेहरूगंज ने बिना साइड दिए वैन के आगे खड़ी कर दी और अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक ने आवाज देकर अन्य लोगों को बुला लिया। जिसके बाद आरोपी पक्ष के लोगों ने विनय को वैन से खींचकर लात, घूसों और ईंट पत्थरों से मारना पीटना शुरू कर दिया। साथ ही हत्या की धमकी दी। घटना की जानकरी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी मौके से भाग निकले। इस दौरान पीड़ित की जेब में रखे 20 हजार रुपये भी जमीन पर गिर गए। इनमे से कुछ रुपये राह चलते लोगों ने ले लिए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।