संवाद न्यूज एजेंसी
नरौरा। रामघाट थाना क्षेत्र के गांव नगला कोठी निवासी नवविवाहिता घर से शादी के 20 दिन बाद ही लाखों रुपये कीमत के जेवरात व नकदी लेकर भाग गई। पीड़ित पति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी नवविवाहिता पत्नी ने उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रामघाट थाना क्षेत्र के गांव नगला कोठी निवासी रामेश्वर दयाल ने एसएसपी बुलंदशहर को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गत 27 अप्रैल को उसकी शादी गांव नौअरी भोजपुर जनपद अलीगढ़ निवासी युवती से हिन्दू रीति रिवाज से हुई थी।
शादी के 20 दिन बाद 17 मई की रात में पत्नी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इससे उसे होश नहीं रहा। बाद में होश आने पर देखा कि उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। घर में रखे सोने व चांदी के जेवरात हसली, अंगूठी, चांदी की दो पाजेब, एक कोंधनी आदि भी गायब थे।
पीड़ित ने उस दौरान थाना पुलिस से मामले की शिकायत की। लेकिन, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की है। मामले को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है। वहीं, अब पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी श्लोक कुमार ने थाना पुलिस को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।