संवाद न्यूज एजेंसी ककोड़। थाना क्षेत्र के झाझर में बालाजी मंदिर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव सूबरा निवासी अमित कुमार (23) पुत्र रामपाल सटरिंग का काम करता था। बताया गया कि रविवार को वह झाझर में निर्माणाधीन मकान में सटरिंग करने के बाद रात में करीब दस बजे बाइक से घर लौट रहा था। झाझर में बालाजी मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि अमित चार भाइयों में सबसे छोटा था और वह अविवाहित था। अमित की अचानक मौत से उसके परिवार में शोक मातम छा गया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।