संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में अनूपशहर रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार दंपती व उनकी भतीजी को सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसकी पत्नी व भतीजी गंभीर रुप से घायल हो गई। महिला को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दोहली निवासी 42 वर्षीय तफसील खान बृहस्पतिवार दोपहर को अपनी पत्नी शबनम व 13 वर्षी भतीजी शहरीन के साथ बाइक से बुलंदशहर किसी काम से आ रहे थे। जब, वह नई मंडी चौकी क्षेत्र में मंडी गेट के निकट पहुंचे तो बुलंदशहर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें वह तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक को छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने तफसील को मृत घोषित कर दिया। जबकि, उसकी पत्नी शबनम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। साथ ही तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देहात कोतवाल ने बताया कि ट्रक चालक की शिनाख्त कर जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।