बीएड प्रवेश परीक्षा, 200 मीटर परिधि में बाहरी व्यक्तियों का नहीं होगा प्रवेश
बुलंदशहर। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर छह जुलाई को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा अवधि के दौरान केंद्र के 200 मीटर परिधि में कोई भी बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र पर प्रतिबंध रहेगा।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। इसके लिए जिले के 17 केंद्रों पर 7488 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के आयोजन को लेकर जहां विभाग द्वारा सभी तैयारियां कर ली गई है। वहीं, प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। जिला प्रशासन अफसरों के अनुसार परीक्षा काल के दौरान असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों और नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का धरना, विरोध प्रदर्शन और जुलूस की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी भी व्यक्ति को किसी भी प्रकार के शस्त्र लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही परीक्षा केंद्र से 500 मीटर की दूरी तक फोटो कॉपी मशीन एवं स्केनर का संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षार्थियों को लाना होगा फोटोयुक्त पहचान पत्र
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में जिले के परीक्षा केंद्रों पर 7488 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए हैं। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों को निर्देश दिए है कि वे परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचें। साथ ही परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी को आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या मतदाता पहचान पत्र में से कोई एक फोटो युक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और परीक्षा शुरू होने से संपन्न होने तक किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। - डॉ. प्रशांत भारती, एडीएम प्रशासन