अहार। थाना क्षेत्र के गांव शिकोई में रविवार देर शाम एक मंदिर पर दो अलग-अलग बरातों की घुड़चढ़ी के दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजाने पर बरातियों में मारपीट हो गई। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अहार थाना क्षेत्र के गांव शिकोई निवासी विमल कुमार की रविवार को बरात जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव शिवाली जा रही थी। गांव में चढ़त का कार्यक्रम हो रहा था। चढ़त पूरी होने के बाद बरात गांव के चामुंडा मंदिर पर पहुंची, जहां पहले से ही गांव निवासी दूसरे युवक की बरात पहुंच चुकी थी। दूसरी बरात का कुआं पूजन कार्यक्रम चल रहा था। दोनों ओर से काफी संख्या में लोग मौजूद थे। बताया गया कि इसी दौरान एक पक्ष ने डीजे पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने शुरू कर दिए गए। जिसका दूसरी बरात के लोगों ने विरोध किया तो लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। दोनों पक्ष के कई लोग मामूली रूप से घायल भी हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर दोनों बरात को गंतव्य की ओर रवाना किया। सोमवार को दोनों पक्षों ने थाने पर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।