दसवीं फेल सागर ने वेब सीरीज देखकर बनाई थी बैंक लूट की योजना
बुलंदशहर। स्याना के उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में लूट की योजना दसवीं फेल सागर ने बनाई थी। इसके लिए उसने वेब सीरीज भी देखी थी। अपने दो साथियों को भी फिल्म की कहानी के आधार पर लूट के लिए तैयार किया और शनिवार को वारदात को अंजाम दे डाला। वारदात के 33 घंटे बाद रविवार की रात एसओजी टीम ने तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नकदी व असलहे बरामद किए हैं।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार थल इनायतपुर निवासी बदमाश सागर त्यागी मूल रूप से हापुड़ के गांव चमरी का निवासी है। सागर ने करीब एक हफ्ते पहले उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता खोला था। वहां कैशियर के बक्से में रकम देखकर उसे लूटने का मन बना लिया था। उसे अंदाजा था कि बैंक में करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये प्रतिदिन कैशियर के पास आता है। इसी को देखते हुए उसने गांव पहुंचकर अपने साथी गांव खादमोहन नगर निवासी रवि चौधरी से मिलकर लूट की योजना बनाई। उसने इसमें वड्डा वाजिदपुर निवासी युवक चिराग अहलावत को भी शामिल किया। वारदात का समय शाम चार बजे का तय किया था। उस वक्त तक बैंक का शटर गिर जाता था, इसके चलते किसी को शक नहीं होता।
चिंगरावठी के निकट हुई मुठभेड़
रविवार रात करीब दो बजे एसओजी को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल तीनों बदमाश स्याना के गांव चिंगरावठी के निकट पहुंचने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में बाइक सवार तीनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी शिनाख्त रवि चौधरी निवासी गांव खादमोहन नगर थाना स्याना, चिराग अहलावत निवासी वड्डा वाजिदपुर थाना स्याना और सागर त्यागी निवासी गांव थलइनायतपुर थाना स्याना के रूप में हुई।
आरोपियों ने कहा, 13.24 लाख लूटे थे
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बैंक से उन्होंने 13,23,500 रुपये लूटे थे। एक बैग वह खुद ले गए थे, जबकि दो बैग बैंक कर्मचारियों से छीने थे। वारदात के बाद वह अपने अपने गांव में चले गए थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट के 11,73,500 रुपये, तीन बैग, वारदात में प्रयुक्त स्पलेंडर बाइक, एक पिस्टल, दो तमंचे व अन्य सामान भी बरामद किया है। आरोपी रवि ने बताया कि लूट की रकम में से 1.50 लाख रुपये उसने अपने भाई को दे दिए हैं। पुलिस आरोपी के भाई से रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
बैंक ने 18 लाख लूट की दी थी जानकारी
स्याना के उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक में शनिवार शाम 5.46 बजे कर्मचारियों व ग्राहकों को गन प्वाइंट पर लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बैंक प्रबंधक ने तहरीर देकर 18 लाख रुपये की लूट की जानकारी दी थी। वारदात के राजफाश के लिए एसएसपी ने एसओजी समेत छह टीमों का गठन किया था।
बचपन में गुजर चुके सागर के माता पिता
सागर त्यागी के माता-पिता की बचपन में ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। जिसके बाद वह थलइनायतपुर में अपनी बुआ और फूफा के पास रह रहा था। उनके कोई संतान नहीं थी, तो उन्होंने इसे अपनी औलाद की तरह पाला था। कुछ समय पूर्व उसकी बुआ की भी मौत हो गई थी। घर की माली हालत ठीक नहीं थी तो वह लूट जैसी वारदातों में शामिल होने लगा।
वारदात से पहले तीन बार कस्बे का लगाया चक्कर
वारदात से पूर्व आरोपियों ने अपनी बाइक से कस्बे का तीन बार चक्कर लगाया था। इस दौरान कस्बे में एक जुलूस निकल रहा था। उन्हें पता था कि इस दौरान कस्बे का अधिकतर पुलिस फोर्स जुलूस का शांतिपूर्वक निकलवाने में जुटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने बैंक में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और बिना किसी रुकावट के भाग भी निकले।
रवि ने किया था पिस्टल और तमंचे का इंतजाम
वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्टल और दो तमंचों का इंतजाम रवि चौधरी ने किया था। यह असलहे उसके पास कहां से आए, इस संबंध में भी उससे पूछताछ की जा रही है।
सागर छोटी-मोटी वारदात कर बचता रहा पुलिस से
बैंक लूट का मास्टरमाइंड सागर पूर्व में भी छोटी मोटी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसे ब्रांडेड कपड़े और जूते पहनने का शौक है। वह शौक पूरा करने के लिए क्षेत्र में छोटी-मोटी वारदातों को अंजाम देता था।
पूर्व चेयरमैन सदर के घर भी की थी रवि ने लूट
पूर्व नगर पालिका चेयरमैन सदर संजीव अग्रवाल निवासी कुंज गली, मोतीबाग नगर कोतवाली के आवास पर नौ सितंबर 2020 को 12.73 लाख रुपये की लूट हुई थी। उस लूट में भी रवि चौधरी का नाम सामने आया था। करीब दो माह पहले ही वह जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आया था।
फरवरी में हुई थी बैंक के सीआरओ से लूट
स्याना स्थित उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के सीआरओ बिजेंद्र कुमार निवासी शाहपुर जट्ट थाना बाबूगढ़ हापुड़ से भी आरोपियों ने नौ फरवरी 2022 को थाना क्षेत्र से कलेक्शन के रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। पीड़ित ने बताया था कि स्पलेंडर बाइक पर सवार दो आरोपियों ने वारदात की। पुलिस ने अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने इस वारदात को करना भी कुबूल किया। आरोपियों के पास से उक्त लूट की वारदात के करीब 55 हजार रुपये और एक टैबलेट भी बरामद हुआ है।
टीम को मिला डेढ़ लाख का पुरस्कार
वारदात का 33 घंटे में राजफाश करने वाली टीम को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने एक लाख रुपये और आईजी मेरठ रेंज प्रवीण कुमार ने 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एसओजी प्रभारी दिनेश यादव, उपनिरीक्षक अनुराग भदौरिया, हेड कांस्टेबल जितेंद्र त्यागी, कपिल नैन, प्रबलि तोमर, विशाल चौहान, मणिकांत त्यागी, अक्षय त्यागी, वसीम, विकास कुमार व अन्य को पुरस्कार की यह राशि दी जाएगी।
पकड़े गए तीनों आरोपियों को उपचार के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। आरोपियों ने बैंक से 13, 23,500 रुपये की लूट की थी। जिसमें से 11,73,500 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी