एक सहायक शिक्षिका ने पंचायत चुनाव ड्यूटी का आदेश चुनाव अधिकारी के सामने फाड़ दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाहक बीएसए ने सहायक शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बीबीनगर ब्लॉक के गांव खरकाली स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक शिक्षिका कविता सैनी की तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी थी।
शुक्रवार को चुनाव अधिकारी और डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने सहायक शिक्षिका को ड्यूटी का आदेश पत्र दिया तो उसने ड्यूटी करने से मना करते हुए आदेश उनके सामने ही फाड़ दिया।
इतना ही नहीं सहायक शिक्षिका इसके बाद विकास भवन पहुंची और सीडीओ से भी ड्यूटी करने से मना कर दिया। चुनाव अधिकारी और सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग को तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए।
कार्यवाहक बीएसए ने चुनाव ड्यूटी करने से मना करने, चुनाव आयोग के नियमों को तोड़ने और अफसरों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में सहायक शिक्षिका को निलंबित करते हुए नोटिस जारी कर दिया।
सहायक शिक्षिका ने चुनाव अधिकारी के समक्ष चुनाव ड्यूटी का आदेश फाड़ा है। शिक्षिका को ड्यूटी करने से मना करने, चुनाव आयोग के नियमों को तोड़ने और अफसरों के आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
- डॉ. पूरन सिंह, कार्यवाहक बीएसए