सिकंदराबाद तहसील के गांव बिस्वाना और गाजीपुर के ग्राम प्रधानों को उच्च शिक्षा के लिए सीएम अखिलेश यादव सम्मानित करेंगे। चुनाव आयोग ने दोनों ग्राम प्रधानों के नाम प्रदेश के शिक्षित ग्राम प्रधानों की सूची में शामिल किए हैं। जिले के चुनाव अधिकारियों को इसकी सूचना मिल गई है।
सिकंदराबाद ब्लॉक के गांव बिस्वाना की प्रधान पूजा एलएलबी पास हैं, जबकि गाजीपुर के प्रधान अनुज के पास एमबीए की डिग्री है। पूजा को बिस्वाना के मतदाताओं ने निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना था। वहीं अनुज ने विरोधी को कड़ी शिकस्त दी थी।
दोनों प्रधानों का चयन चुनाव आयोग ने खुद किया है। जिले से किसी भी प्रकार की कोई रिपोर्ट नहीं मांगी गई थी। ऑनलाइन रिकार्ड चेक कर आयोग ने पढे़-लिखे प्रधानों को सम्मान के लिए चुना है।
24 अप्रैल को पूजा और अनुज को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में सीएम अखिलेश यादव मुख्य अतिथि होंगे। ग्राम प्रधानों को वह खुद सम्मानित करेंगे।
डीएम शुभ्रा सक्सेना भी होंगी सम्मानित
शाहजहांपुर में डीएम रहते हुए जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराया था। इसके लिए उन्हें सीएम अखिलेश यादव 24 अप्रैल को लखनऊ में सम्मानित करेंगे।
बिस्वाना की प्रधान पूजा और गाजीपुर के प्रधान अनुज को निर्वाचन आयोग द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सूचना मिल गई है। सम्मान समारोह 24 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। डीएम को भी शाहजहांपुर में पंचायत चुनाव के लिए सम्मानित किया जाएगा। - आरके सिंह, डिप्टी निर्वाचन अधिकारी, बुलंदशहर