राधिका इन्कलेव के द्वार का फोटो। संवाद
बुलंदशहर। भूमाफिया सुधीर गोयल ने असिस्टेंट प्रोफेसर और उनके भाई से भी धोखाधड़ी की थी। बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे असिस्टेंट प्रोफेसर नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें प्लॉट दिखाकर खेत का बैनामा कर दिया गया।
अनूपशहर के नेहरूगंज निवासी नरेश कुमार ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एक डिग्री कालेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनका भाई राजेश कुमार अवर अभियंता है। दोनों भाइयों ने राधिका एंक्लेव में 125-125 वर्ग गज के दो आवासीय प्लॉट फरवरी 2023 में बयाना देकर बुक किए थे। सुधीर गोयल और जहांगीराबाद क्षेत्र के खालौर निवासी उसके साथी जयप्रकाश से 17.50-17.50 लाख रुपये में सौदा तय किया था। आरोपियों ने उनसे स्टाम्प डयूटी बचाने के लिए बैनामे में मात्र 9.10-9.10 लाख रुपये लिखाए। शेष राशि चेक और कैश के रूप में ले ली। सुधीर गोयल ने दोनों बैनामे अपने परिचित के माध्यम से तैयार कराए। उसमें प्लॉट की जगह खेत संख्या लिखवाई गई। 20 दिसंबर 2023 को दोनों प्लॉटों पर निर्माण कराने के लिए गए तो कुछ लोगों ने रोक दिया। वहां पता चला कि उन्हें जो प्लाट दिखाए गए उनमें किसी और का कब्जा है। इसीलिए उनके बैनामे में खेत का नंबर लिखाया गया था। जिस खेत का नंबर लिखाया गया था, वहां का रेट भी कम था। सुधीर और उसके साथी ने उनसे 35 लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी ने मामले में जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ईडी अभी जुटा रहा साक्ष्य
बृहस्पतिवार को ईडी के कुछ अधिकारी फिर से बुलंदशहर पहुंचे, उन्होंने पुलिस कार्यालय से आरोपी सुधीर गोयल व अन्य का आपराधिक डाटा व अन्य जरूरी साक्ष्य संकलित किया। जांच के बाद ही ईडी अग्रिम कार्रवाई करेगा।
ईडी अपनी कार्रवाई कर रहा है। कुछ अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं। कार्रवाई के संबंध में उन्होंने पुलिस से कोई बात साझा नहीं की है। - अनुकृति शर्मा, एएसपी