अनूपशहर कांड : दुष्कर्म के बाद आरोपी ने की थी हत्या, शिमला से गिरफ्तार
बुलंदशहर। अनूपशहर थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपी हरेंद्र को एसओजी ने हिमाचल प्रदेश के शिमला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को घर में गड्ढा खोदकर कर दबा दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अनूपशहर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने गत 28 फरवरी को थाने पर तहरीर दी थी। जिसमें उसने बताया था कि गत 25 फरवरी को उसकी पत्नी व दो बच्चियां घर से खेत पर काम करने के लिए गई थीं। जहां शाम करीब चार बजे उन्होंने खाना खाया था। जिसके बाद उसकी 12 वर्षीय एक पुत्री आसपास पानी का कोई स्रोत न होने पर खेत के पास ही स्थित हरेंद्र के घर में पानी पीने के लिए गई थी। लेकिन, इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। शाम करीब छह बजे बच्ची की मां और बहन उक्त घर में पहुंचे। लेकिन, वह वहां नहीं थी। वहीं, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस की एक टीम आरोपी के घर पहुंची और ताला लगा होने पर दीवार कूद कर अंदर गई। जहां उन्होंने खोजबीन शुरू की। इस दौरान एक सिपाही का पैर घर के एक हिस्से में मामूली धंसा। शक होने पर ग्रामीणों को बुलाकर उक्त स्थान पर खोदाई कराई गई। खोदाई के बाद गड्ढे में लापता बच्ची का शव दबा मिला। वारदात के बाद परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को मिट्टी में दबाने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बताया गया कि सर्विलांस के माध्यम से मंगलवार देर शाम को आरोपी की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के शिमला क्षेत्र की आई। उक्त स्थान पर आरोपी की भाभी का मायका है। एसओजी टीम देर रात शिमला के लिए रवाना हुई और बुधवार सुबह आरोपी को उसकी भाभी के मायके से गिरफ्तार कर लिया।
नशे की हालत में दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी हरेंद्र ने बताया कि 23 फरवरी को वह हरियाणा से अपने गांव लौटा था। वह हरियाणा से दो बोतल शराब भी लाया था। 25 फरवरी की सुबह उसने अपने दोस्तों के साथ घर पर ही शराब पी थी। जिसके बाद वह नशे में हो गया था, उसके दोस्त वहां से चले गए थे। शाम को पीड़िता उसके घर आई थी। नशे की हालत में वह बहक गया और पीड़िता को दबोच लिया। बताया कि दुष्कर्म के बाद उसने बच्ची का गला दबा कर हत्या कर दी थी। साथ ही उसके चेहरे पर भी किसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे उसकी शिनाख्त न हो सके। उसके बाद घर में ही गड्ढा खोदकर उसने बच्ची को दबा दिया। लेकिन, उसे दबाने के बाद उक्त स्थान पर ही उसके सभी कपड़ों को जला दिया था। वारदात के बाद वह सहम गया और 26 फरवरी को होश में आने पर वह डर गया था और शिमला भाग निकला।
नहीं निकल सकी आवाज, आरोपी ने दबा दिया था मुंह
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वारदात के दौरान उसे डर था कि अगर वह चीखने लगी तो उसका राजफाश हो जाएगा और कोई आ धमकेगा। इस कारण उसने बच्ची का मुंह अपने हाथ से दबा दिया था।
जिन हाथों ने गोद में खिलाया उन हाथों ने दिया दाग
दरिंदगी का शिकार हुई दिव्यांग बच्ची के शव के पोस्टमार्टम के बाद शोकाकुल माहौल में अवंतिका देवी गंगाघाट पर बुधवार को प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दृश्य कोे देखकर लोगों का कलेजा कांप उठा और उस दरिंदे को कोसते नजर आए।
आरोपी को मिले कड़ी सजा
पानी पीने गई मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी कर उसे मौत की नींद सुलाने वाले आरोपी के खिलाफ गांव में जबरदस्त माहौल है। परिजनों व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि इस दरिंदे को ऐसी सजा मिले, जिससे अपराधिक मानसिकता वाले लोग कभी ऐसी हरकत करने की सोच भी न सकें।
स्कूल में मौन रख दी गई श्रद्धांजलि
प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा रही बच्ची को स्कूल परिसर में शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि देते हुए आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। साथ ही परिजनों से मिलकर स्कूल की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की गईं। इस मौके पर स्कूली बच्चे, शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्र्ता मौजूद रहीं।
मेधावी छात्रा थी दिव्यांग बच्ची
कक्षा पांच में पढ़ने वाली दिव्यांग बच्ची बोलने में असमर्थ थी, लेकिन इशारे से बात करने वाली यह बच्ची पढ़ने में होशियार तथा संघर्षशील स्वभाव की थी। कक्षा अध्यापक राजकुमार राघव ने बताया कि वह उस बच्ची की कर्मठता से बहुत प्रभावित थे। पढ़ाई के साथ साथ वह मां के साथ काम में भी हाथ बंटाती थी।
आरोपी को हिमाचल प्रदेश के शिमला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में दुष्कर्म की बात कही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर के हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पूर्ण पुष्टि के लिए स्लाइड भेजी गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी