डिबाई और दानपुर ब्लाक की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय, सेवा शर्तों व अन्य मांगों के लेकर बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन करते हुए हाईवे पर दो घंटे जाम लगाया।
हाईवे स्थित भीमपुर चौराहे पर लगे जाम से दिल्ली-बदायूं, आगरा-मुरादाबाद, अलीगढ़-अनूपशहर मार्ग बाधित हो गया। मार्ग पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
जाम खुलवाने को पहुंचे सीओ प्रेम प्रकाश यादव और कोतवाली निरीक्षक उमेश पंवार को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ब्लाक दानपुर की अध्यक्ष मीनू गुप्ता व डिबाई ब्लॉक की अध्यक्ष कमलेश देवी के नेतृत्व में 450 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अति व्यस्ततम भीमपुर स्थित चौराहे पर जाम लगा दिया।
गणेश मूर्ति विसर्जन को गंगातट को आए दर्जनों वाहन भी जाम में फंसे रहे। जाम खुलने के बाद कार्यकत्रियों एक किमी पैदल चल कर तहसील पहुंची। फिर कार्यकत्रियों ने ज्ञापन नायब तहसीलदार एसपी सिंह को दिया।