आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मांगों के समर्थन में आंदोलन रविवार को भी जारी रहा। गुलावठी में रविवार को हाईवे 235 पर धरना दिया तथा प्रदर्शन किया। धरना व प्रदर्शन के कारण करीब दस मिनट तक हाईवे पर ट्रैफिक जाम रहा। वहीं दूसरी ओर खुर्जा में एसडीएम को बुलाने के लिए तहसीलदार से नोकझोंक हुई।
वहीं नगर के राजेबाबू पार्क में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। गुलावठी में रविवार को आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकत्री ब्लॉक परिसर में एकत्र होकर हाईवे पर निकल पड़ी तथा नगर में जुलुस निकालकर सरकार के खिलाप नारेबाजी की। बाद में आंगनबाड़ी कार्यकत्री हाईवे पर धरना देते हुए बैठ गई, जिससे करीब दस मिनट का ट्रैफिक जाम रहा।
इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों मंजू रानी, सरोज, सोमलता, मुकेश चौधरी, शशि शर्मा, सीता तेवतिया, गीता आदि ने बताया कि उन्होंने बीएलओ के कार्य का भी बहिष्कार कर दिया है। खुर्जा में अपनी मांगों को लेकर ब्लॉक से रैली निकालते हुए तहसील पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एसडीएम कार्यालय का घेराव करते हुए बैठ गईं।
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार को ज्ञापन देने से इनकार करते हुए वह एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। इसे लेकर कार्यकत्रियों की तहसीलदार से नोंकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में एसडीएम ने पहुंचकर उनकी समस्या को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।