खानपुर। क्षेत्र के गांव हिमाबाद में एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर लाभार्थी को पुष्टाहार न देने और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगा है।
पीड़ित ने खंड विकास अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी को शिकायत देकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी अमित कुमार का आरोप है उनकी पंजीकृत लाभार्थी बेटी को पिछले तीन माह से आंगनवाड़ी केंद्र से मिलने वाला पुष्टाहार नहीं दिया गया। कारण पूछने पर आंगनबाड़ी महिला ने बच्ची का नाम सूची से हटाए जाने की बात कही।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी पत्नी का फेस कैप्चर और वीडियो सत्यापन भी कराया गया है, बावजूद राशन नहीं मिल रहा है। पीड़ित अमित कुमार का आरोप है संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन के नाम पर 300 रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, कार्यकर्ता ने यह राशि ब्लॉक के ऑपरेटर को देने की बात कही। जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। संवाद