पहासू। क्षेत्र के कमौना फीडर पर खंभे पर तार जोड़ते वक्त संविदा पर कार्यरत लाइनमैन करंट से झुलस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। लाइनमैन को साथी कर्मचारी व परिजनों ने खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। लाइनमैन के भाई ने तहरीर देकर एसएसओ पर जानबूझकर शटडाउन छोड़ने का आरोप लगाया है। पहासू के लीला नगला गांव निवासी यतेंद्र कुमार ने बताया कि उनका भाई कपिल कुमार पहासू बिजलीघर के कमौना फीडर पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत है। बृहस्पतिवार रात को कमौना फीडर पर कुछ फॉल्ट हो गया था। ऐसे में विद्युत लाइन को ठीक करने के लिए कपिल और साथी देवेंद्र साथ गए थे।
खंभे पर चढ़ने से पहले कपिल ने एसएसओ से शटडाउन लिया। इसके बाद लाइन ठीक करते वक्त एसएसओ ने बिना जानकारी के शटडाउन छोड़ दिया और सप्लाई चालू कर दी। इसी के साथ कपिल को करंट का झटका लगा और वह झुलस गया। करंट से झुलसे कपिल को तुरंत कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां अभी भी कपिल की हालत गंभीर बनी हुई है। भाई यतेंद्र का आरोप है कि एसएसओ शराब के नशे में रहता है, जिसने जानबूझकर शटडाउन छोड़ दिया। इसी तरह से एसएसओ कार्य करता रहा तो किसी की भी जान खतरे में है। पहासू थाना प्रभारी ने बताया कि मामला ऊर्जा निगम से संबंधित है। इसमें उपनिरीक्षक को जांच सौंपी गई है, जो सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं।