बिना फिटनेस दौड़ रहीं पांच एंबुलेंस का काटा चालान
बुलंदशहर। बिना फिटनेस और मानकों का उल्लंघन कर संचालित हो रही निजी एंबुलेंस का एआरटीओ प्रवर्तन द्वारा बुधवार को निरीक्षण किया गया। फिटनेस व अन्य दस्तावेज न मिलने पर पांच एंबुलेंस का चालान काटने की कार्रवाई की गई। साथ ही मॉडिफाइड कर दोपहिया वाहन चलाने पर एक बाइक को सीज करने के साथ छह बाइकों का भी चालान काटा गया।
नगर समेत जिलेभर में मारूति वैन को एंबुलेंस का रुप देकर संचालित किया जा रहा है और साथ ही कुछ एंबुलेंस मानकों का पालन किए बगैर संचालित हो रही है। जिनपर एआरटीओ प्रवर्तन का चाबुक चलना शुरू हो गया है। एआरटीओ प्रवर्तन राजीव बंसल ने बताया कि बुधवार को जिला अस्पताल के पास खड़ी एंबुलेंस की जांच की गई। इस दौरान पांच एंबुलेंस का फिटनेस न होने, इंश्यारेंस न होने, पेपर पूरे न होने और अन्य दस्तावेज न होने पर 78 हजार रुपये का चालान काटा गया है। इसके बाद भूड़ चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड कर वाहन संचालित मिलने पर छह बुलेट बाइक का 60 हजार रुपये का चालान काटने के साथ एक बाइक सीज की गई। बताया कि जिन लोगों ने अपने वाहन खासकर बुलेट मोटरसाइकिल को मॉडिफाइड करा रखा है वो तुरंत सही करा लें। चेकिंग के दौरान वाहन पकड़े जाने पर चालान काटने के साथ वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जा सकती है।