क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में बृहस्पतिवार सुबह अचानक एक मकान भरभरा कर गिर गया। मकान के पास खड़े परिवार के लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
गांव अल्लीपुर निवासी गजराज सिंह और उनके परिवार के लोग बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे सो कर उठे। इसी दौरान मकान की दीवार गिरने की आहट सुनकर घर में मौजूद गजराज सिंह, प्रमिला, शानू और कनक आदि परिवार के लोग बाहर की तरफ भागे। तभी पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पीड़ित गजराज सिंह के मुताबिक करीब 3-4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।