फसलों से संबंधित बीमारियों के निदान और फसल की गुणवत्ता को बढ़ाने के उपाय बताने के लिए कृषि विभाग ने व्हाट्स एप सेवा शुरू की है। पिछले एक सप्ताह में जिले के 15 किसानों ने व्हाट्स-एप पर मैसेज कर अपनी समस्या का निदान कराया है। वैज्ञानिकों द्वारा दिए गए निदान संबंधित रिपोर्ट जिला कृषि विभाग को भी प्रेषित की गई है।
शासन की पहल पर सहभागी फसल निगरानी एवं निदान प्रणाली के तहत मोबाइल पर व्हाट्स-एप से फसलों के कीट और बीमारी के निदान को लेकर सेवा शुरू की गई है। इस सेवा का लाभ वहीं किसान ले सकेंगे जो कृषि विभाग में रजिस्टर्ड हैं।
इसका लाभ लेने के लिए किसानों को फसल में लगे कीट और बीमारी का मोबाइल से फोटो खींचकर विभाग को भेजने हैं। व्हाट्स-एप से मिली फोटो को देखकर वैज्ञानिक समस्या का निदान करते हैं। निदान संबंधी रिपोर्ट किसान के व्हाट्स-एप नंबर पर और जिला मुख्यालय स्थित विभागीय कार्यालय को भी भेजने की व्यवस्था की गई है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि विभाग की व्हाट्स-एप सेवा शुरू हो गई है। अब तक 15 किसानों ने इसका लाभ उठाया है। उन्होंने इस सेवा का किसानों से अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।