जिला विद्यालय निरीक्षक के खिलाफ बुधवार को राजकीय शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। राजकीय शिक्षक संघ एसोसिएशन के बैनर तले एकत्रित हुए टीचरों ने चेतावनी दी है कि यदि डीआईओएस के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो वह दोबारा आंदोलन का बिगुल बजा देंगे।
डीआईओएस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन का आयोजन जिलाध्यक्ष वीरेंद्र भार्गव और जिला मंत्री सविता चौधरी के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि सात मई को संघ के पदाधिकारियों ने जनपद आगमन पर प्रांतीय अध्यक्ष का स्वागत किया था।
संघ के सदस्य समस्याओं को लेकर डीआईओएस कार्यालय गए थे, जहां पर डीआईओएस का व्यवहार गलत रहा। इसके विरोध में संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया था।
धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए राजकीय शिक्षकों ने डीआईओएस पर कई और आरोप लगाते हुए अपने गुस्से का इजहार करते हुए चेतावनी दी कि यदि अधिकारी का व्यवहार नहीं सुधरा तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। यदि भविष्य में किसी के साथ अभद्र व्यवहार किया तो वह दोबारा आंदोलन चलाने को विवश होंगे।