पांच साल से कम उम्र के बच्चों का घर पर बनेगा आधार कार्ड
बुलंदशहर। पांच साल से कम उम्र वाले बच्चों के परिजनों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए बैंक और मुख्य डाकघर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नई योजना के तहत पांच साल से कम उम्र के बच्चों के आधार कार्ड उनके गांव में ही घर पर बन जाएंगे। नए आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकपाल को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
लोगों की परेशानियों को देखते हुए शाखा डाकपालों को आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। शाखा डाकपाल के मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया जाएगा। इस एप की मदद से डाकपाल आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
एक शाखा डाकपाल पर कई गांव की जिम्मेदारी
जिलेभर में करीब 318 शाखा डाकपाल है। एक शाखा डाकपाल पर कई-कई गांव की जिम्मेदारी है। सहायक पोस्टमास्टर एमएस डांगुर ने बताया कि जिले में यह सुविधा शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी शाखा डाकपाल पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के आधार कार्ड बनाने शुरू कर देंगे।
डाकपाल से संपर्क कर बनवाएं आधार कार्ड
जिले में शाखा डाकपाल द्वारा गांव में घर-घर जाकर मोबाइल के माध्यम से आधार कार्ड बनाए जाएंगे। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के परिजन अपने शाखा डाकपाल से संपर्क कर सकते हैं।
- सूरज शर्मा, प्रभारी डाक अधीक्षक