बुलंदशहर। नहर में नहाने के बहाने ई-रिक्शा चालक को बेहोश कर तीन बदमाश ई-रिक्शा, मोबाइल व नकदी लेकर भाग गए। जब ई-रिक्शा चालक को होश आया तो मौके से आरोपी ई-रिक्शा व अन्य सामान लेकर भाग चुके थे। मामले में पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला फैसलाबाद निवासी फरमान ने देहात पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। तीन जुलाई की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह ई-रिक्शा लेकर भूड़ चौराहे पर खड़ा था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और नहर में नहाने की बात कही। इसके बाद वह आरोपियों को नहर पर लेकर गया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर आरोपियों ने कहा कि वह मौके पर कुछ देर रुक जाएं, ताकि वह साथ ही वापस भी आ सकें। आरोप है कि इसके बाद वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसका ई-रिक्शा, मोबाइल और नकदी गायब थी। होश में आने के बाद उसने अन्य लोगों के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ किसी व्यक्ति की बिना मर्जी के उसकी चल संपत्ति को कब्जाने की भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की तलाश की जा रही है।