खुर्जा-दिल्ली पैंसेजर में सीट को लेकर हुए झगड़ में मारपीट के बाद पीड़ित के रेल मंत्री सुरेश प्रभु को ट्वीट कर दिया। रेल मंत्रालय से मैसेज पर जीआरपी और आरपीएफ तुरंत हरकत में आई और पीड़ित को साथ लेकर आरोपियों की घेराबंदी की और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
जंक्शन स्थित बैंक वाली गली निवासी हेम गौतम दिल्ली स्थित किसी कंपनी में नौकरी करता है। हेम ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6 बजे वह रोजाना की तरह पैंसेजर में सवार होकर दिल्ली जा रहा था।
चोला स्टेशन पर सीट पर बैठने को लेकर विवाद हुआ तो कुछ लोगों ने उसे जबरन उतार दिया। विरोध करने पर उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह दूसरी बोगी में चला गया। हेम गौतम ने बताया कि उसने रेलमंत्री सुरेश प्रभु को सीधे ट्वीट कर पूरी घटना की जानकारी दी।
ट्वीटर पर सक्रिय रहने वाले रेलमंत्री ने तत्काल मंत्रालय को यात्री की मदद करने का निर्देश दिया। रेलमंत्रालय से फरमान मिलने के बाद हरकत में आए जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने युवक से संपर्क किया और शुक्रवार की सुबह केजीआर पैसेंजर में उसे साथ लेकर गए।
दैनिक यात्री होने के चलते अरोपी जब चोला स्टेशन पर केजीआर में सवार हुए तो पीड़ित हेम गौतम की निशानदेही पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। मारपीट करने वाले आरोपी युवकों की पहचान अलीगढ़ के थाना चंडौस निवासी संचित और ककोड़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी हरेंद्र के रूप में की गई। हेम गौतम ने कार्रवाई के लिए रेलमंत्री का आभार जताया है।
रेल मंत्रालय से आए निर्देश के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी दोनों युवकों को पकड़ लिया गया। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। -सत्यप्रकाश, जीआरपी प्रभारी