खुर्जा। नगर पंचायत जहांगीरपुर के सभासदों ने चेयरमैन पर अभद्रता का आरोप लगाया है। गुस्साए सभासदों ने अपने वार्ड में झाडू लगाकर विरोध जताया। सभासद शनिवार को डीएम से शिकायत करेंगे।
सभासद उमेश वर्मा और जगदीप ने बताया कि दीपावली पर साफ-सफाई व्यवस्था के लिए पंचायत बोर्ड ने बैठक बुलाई थी। सब कुछ तय होने के बाद भी नगर में सफाई नहीं कराई गई। इसी सिलसिले में वे बृहस्पतिवार को नगर पंचायत चेयरमैन राजबहादुर मीणा से मिलने गए थे। आरोप है कि समस्या रखने पर मीणा ने गाली-गलौच करते हुए उनसे अभद्रता की और कार्यालय से भगा दिया। इसी से गुस्साए सभासदों ने शुक्रवार को लामबंद होकर नगर पंचायत कार्यालय से लेकर अपने वार्डों में झाडूू लेकर खुद सफाई अभियान चलाया। सभासद सुनील, सुनीता देवी, बालेंद्र कौशिक, सुनील जादौन, मुर्सलीन, नसरु, मुशर्रफ, दिनेश वर्मा का कहना है कि चेयरमैन की अभद्रता के खिलाफ शनिवार को सभी सभासद डीएम नवदीप रिणवा से मिलकर शिकायत दर्ज कराने जाएंगे।