खुर्जा। आरएसएस के वर्तमान जिला व्यवस्था प्रमुख मुकेश कुमार मंगला ने शुक्रवार करीब आठ बजे खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। परिजनों को मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है, इसमें मौत का कारण कारोबार में घाटा बताया है। कर्जदारों से वे परेशान थे। जीआरपी ने मौत को दुर्घटना बता शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर चर्चा रही कि प्रॉपर्टी और शेयर कारोबार में घाटे के कारण मानसिक रुप से परेशान होकर मंगला ने यह कदम उठाया है। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कालेज रोड निवासी मंगला पहले एक नंबर रेल लाइन के पास खड़े होकर किसी से मोबाइल पर बात करते रहे। जब ट्रेन का इंजन और पांच-सात कोच निकल गए तो ट्रेन के नीचे कूद गए। वहीं चर्चा यह भी है कि घटना से पहले वह मोबाइल पर नौकर को बता रहे थे कि परिजनों को सूचना दे देना कि वह शव उठा ले जाएं। परिजनों का कहना है कि वह सुबह दिल्ली जाने की कहकर घर से निकले थे। इसके थोड़ी देर बाद उनकी मौत की खबर आ गई। मृतक के परिजन और जीआरपी प्रभारी सर्वेंद्र शर्मा ने खुदकुशी की घटना से साफ इनकार किया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शव यात्रा में आरएसएस के विभाग प्रचारक अनिल, विभाग संघ चालक डा. वीरेंद्र गर्ग, जिला कार्यवाहा नरेश कुमार, डा. सुशील, नगर संचालक नरेश कुमार, नगर कार्यवाहा नरेश, लोकेश कुमार, राजवीर, पूर्व विधायक होराम सिंह और पूर्व पालिका चेयरमैन राजीव बंसल समेत अनेक लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मंगला चार दशक पूर्व जेवर छोड़कर खुर्जा में आशियाना बनाया था। कपड़े का कारोबार होने के अलावा मंगला शेयर मार्केट, कमेटी डालने और प्रॉपर्टी खरीद फरोख्त का काम भी करते थे। परिवार के करीबियों ने बताया कि कमेटी, प्रॉपर्टी और शेयर मार्केट में घाटा होने के कारण उन पर कर्ज का बोझ इतना बढ़ गया था कि कर्जदार तगादा कर परेशान करने लगे थे। इसके चलते वे मानसिक रुप से परेशान थे।