खुर्जा। बेटे की सड़क हादसे में मौत के बाद कंपनी से मिले अनुकंपा राशि को ग्रामीण ने बहू को झांसा देकर हड़प लिया। ससुर ने पहले बहू के साथ संयुक्त खाता खुलवाया। रकम खाते में आते ही बहू को घर से बाहर निकाल दिया। बाद में अपनी बेटी को बहू बनाकर फर्जी हस्ताक्षर कराए और 13 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित बहू ने ससुर, ननद, नंदोई, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और बैंक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
अलीगढ़ जिले के महगौरा निवासी कंछीलाल की बेटी रेखा कौशिक की गुलशन विहार खुर्जा निवासी कृष्ण कुमार से 2007 में शादी हुई थी। 2008 में कृष्ण की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद नोएडा स्थित कंपनी से अनुकंपा राशि के रूप में 13 लाख मिलने थे। रेखा का कहना है कि ससुर कंछीलाल ने पीएनबी शाखा खुर्जा में अपने साथ संयुक्त खाता खुलवाया और पूरी रकम खाते में आने के बाद उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि कंछीलान ने अपनी बेटी सुमन से रेखा के फर्जी हस्ताक्षर कराकर पूरी रकम चेक के माध्यम से निकाल ली। रेखा का ससुर कंछीलाल बदायूं में कृषि विभाग में तैनात है। परेशान रेखा ने बैंक अफसरों से गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रेखा ने 10 अक्तूबर को खुर्जा कोतवाली में ससुर कंछीलाल, ननद सुमन, ननदोई उमेश, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और बैंक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।