सिकंदराबाद। अगर आप आइस कैंडी और कोल्ड ड्रिंक के शौकीन हैं तो सावधान हो जाइए। आपका स्वास्थ्य भी खराब हो सकता है। आइस कैंडी और कोल्ड ड्रिंक तैयार करने में मानक का पालन नहीं किया जा रहा है। बुधवार को फूड सेफ्टी विभाग की टीम और एसडीएम सिकंदराबाद ने तीन फैक्ट्रियों में छापा मारा। इनके निर्माण में भारी अनियमितताएं मिलीं हैं। फिलहाल फैक्ट्री से लिए गए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
बुधवार को एसडीएम और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने एसडीएम कालोनी के पास जीटी रोड पर स्थित एक कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई करने वाली फर्म पर छापा मारा। फर्म में कोल्ड ड्रिंक की 1296 बोतलें एक्सपाइरी डेट की मिलीं। टीम ने इन बोतलों को सील कर दिया और नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया है। फर्म संचालक ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसबी सिंह को बताया कि एक्सपाइरी बोतल कंपनी को वापस भेजी जानी थी।
इसके बाद टीम ने मोहल्ला खत्रीवाड़ा स्थित आइस कैंडी निर्माता प्लांट पर छापा मारा। प्लांट पर कैंडी बनाने में जिस रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था वह रंग सात दिन पहले एक्सपायर हो चुका था। टीम ने एक्सपाइरी कलर का नमूना भरा और जांच के लिए भेज दिया। एक्सपाइरी कलर को नष्ट करा दिया। इसके बाद टीम गुलावठी रोड स्थित आइस कैंडी निर्माता फर्म पर पहुंची। वहां जांच के बाद सब कुछ ठीक मिला। फूड सेफ्टी अधिकारी एसबी सिंह ने बताया कि अभियान जारी रहेगा।
आईस कैंडी और कोल्ड ड्रिंक के नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। कोल्ड ड्रिंक के मालिक का कहना है कि एक्सपाइरी बोतलें कंपनी को वापस भेजनी थी। इसलिए रखी थी। सवाल यह है कि बोतलों को क्यों कंपनी को नहीं लौटाया गया।
- अली हसन कर्नी, एसडीएम सिकंदराबाद
मानक से उलट तैयार की गई आईस कैंडी और एक्सपायरी पेय पदार्थ के सेवन करने से पेट संबंधी बीमारियों का खतरा रहता है। लिहाजा बोतलों पर तिथि देखकर ही पेय पदार्थ का सेवन करें।
-डा. एमएम अग्रवाल, चाइल्ड स्पेशलिस्ट
बुलंदशहर-शिकारपुर में भी छापे, हड़कंप
बुलंदशहर। सदर एसडीएम और शिकारपुर एसडीएम के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुलंदशहर और शिकारपुर में भी छापेमारी की। आईस कैंडी फैक्ट्री और मिठाई की दुकानों से नमूने लिए। 31 किलो कटे गले फल और 5 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय पांडे ने बताया कि शिकारपुर में एक आईस कैंडी फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। पानी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। बुलंदशहर में मिठाई की दुकान पर छापेमारी कर नमूने लिए हैं। दोनों स्थानों से 31 किलो कटे गले फल और 5 किलो दूषित मिठाई को नष्ट कराया गया है।