सीएचसी शिकारपुर पर लगे आरोग्य मेले में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
बुलंदशहर। जिले के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में छह हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इसमें वायरल बुखार के 705 से अधिक मरीज शामिल रहे। पहासू के बनैल में फार्मासिस्ट और नरसेना के दौलतपुर कलां में सीएचओ ने मरीजों को परामर्श दिया।
पहासू क्षेत्र के गांव बनैल स्थित पीएचसी पर आरोग्य मेले में विशेषज्ञ नहीं पहुंचे। उनके स्थान पर फार्मासिस्ट दुर्गेश गौड़ ने मरीजों को परामर्श के साथ दवा का वितरण किया। मेले में बुखार के 22 मरीजों को परामर्श एवं दवा दी गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि चिकित्सक डॉ. रवि शर्मा रविवार को अवकाश पर। इस वजह से वह मेले में नहीं पहुंचे। वहीं नरसेना क्षेत्र के गांव दौलतपुर कलां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ तैनात नहीं है। रविवार को आयोजित हुए आरोग्य मेले में भी विशेषज्ञ नहीं पहुंचे। उनके स्थान पर सीएचओ भगत सिंह ने मरीजों को परामर्श देने के साथ दवा का भी वितरण किया। वायरल बुखार के 18 मरीजों को परामर्श एवं दवा दी गई।
छतारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को लगे आरोग्य मेले में डॉ. उजमा चिस्ती द्वारा मरीजों को परामर्श दिया गया। डॉ. उजमा चिस्ती ने बताया कि अधिकांश मरीज वायरल बुखार के रहे। मेले में कुल 142 मरीजों को परामर्श दिया। इसमें महिला 67, पुरुष 46 व बच्चे 29 शामिल रहे। शिकारपुर सीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में मरीजों की भीड़ रही। यहां पर डॉ. हसन नदीम खान ने मरीजों को परामर्श दिया। मेले में करीब 90 मरीजों ने परामर्श लिया। इसमें वायरल बुखार के 38 मरीज रहे। वहीं, चोला पीएचसी पर डॉ. वर्षा ने 35 मरीजों को परामर्श दिया। इसमें वायरल बुखार के 16 मरीज शामिल रहे।
आरोग्य मेले में सभी को मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। अगर कोई लापरवाही बरत रहा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। रविवार को सभी केंद्रों पर मेले का आयोजन हुआ। इसमें छह हजार से अधिक मरीज देखे गए। 705 मरीज वायरल बुखार के थे। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ