केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी और सोनिया गांधी के जेब की पार्टी बनकर रह गई है। शीला दीक्षित भी यूपी में कांग्रेस का भला नहीं कर पाएंगी। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 10 फीसदी सीटें भी नहीं मिलेंगी।
प्रधानमंत्री के सांसद प्रवास कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कही। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मां-बेटे के हाथ की कठपुतली थे।
साथ ही प्रदेश की अखिलेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले भाई-भतीजावाद से निपटना होगा, तभी प्रदेश का भला होगा। बसपा प्रमुख मायावती को दौलत की बेटी बताया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि अनूपशहर क्षेत्र को पर्यटन स्थल घोषित करने के लिए सरकार प्रयासरत है।
700 करोड़ रुपये की लागत से अनूपशहर और अहार में विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि देश में अभी भी 18 हजार गांव बिजली से वंचित हैं। पंडित दीनदयाल ग्रामीण ज्योति योजना के तहत 2018 तक सभी गांवों में बिजली पहुंचाने का केंद्र सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता होतीलाल गौड़ और संचालन रमेश चंद पांडेय ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, पूर्व मंत्री डॉ. छत्रपाल सिंह, पूर्व एमएलसी सतीश शर्मा, चेयरमैन राजकुमार लोधी, पूर्व चेयरमैन दुलीचंद सैनी, कार्यक्रम संयोजक पंडित ज्ञानेंद्र भारद्वाज, नरेश तायल, प्रताप चौधरी, नैमपाल सिंह लोधी, संजय गुर्जर, डीके शर्मा, रामअवतार शर्मा, सुंदरपाल तेवतिया मौजूद रहे।