खुर्जा के खीरखानी मोहल्ले में गोदाम से बरामद घी के डिब्बे। संवाद
खुर्जा। क्षेत्र के खीरखानी मोहल्ला में सोमवार शाम को पुलिस व प्रशासन की ओर से छापेमारी कर मिलावटी घी के 400 डिब्बे बरामद किए, इनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये से अधिक है। वहीं खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से घी के सैंपल को जांच के लिए भेजा। पुलिस ने सारे सामान को जब्त कर लिया है।
एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि खीरखानी मोहल्ला में देशी घी बोलकर मिलावटी तरल पदार्थ बेचा जा रहा है। इसकी कीमत बाजार के घी कीमत से कम रखी गई थी, इसके चलते अधिकांश लोग वहां से घी खरीद रहे थे। ऐसे में कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त रूप से गोपनीय जांच कराई गई। घी बेचने की पुष्टि होने पर सोमवार शाम को पुलिस के साथ छापेमारी की गई। मौके से 40 बड़े डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें एक-एक किलोग्राम के दस डिब्बे थे। इसकी सूचना खाद्य विभाग को दी गई।
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त वीके सिंह ने बताया कि नकली देशी घी बेचने की सूचना मिली थी। इस पर टीम को मौके पर भेजा गया। डिब्बों पर देशी घी नहीं लिखा हुआ था। वह केवल सामान्य घी था जो खाना बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। घी सही है या गलत इसको लेकर सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ खुर्जा भास्कर मिश्रा का कहना है कि सूचना के आधार पर साेमवार शाम को पुलिस टीम ने कार्रवाई की थी। मौके पर विक्रेता छत से कूदकर भाग गया। मौके से बरामद घी के डिब्बों को जब्त कर लिया है। सैंपल रिपोर्ट मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।