डिबाई। दानपुर ब्लाॅक क्षेत्र में 2.35 करोड़ की राशि से सड़कें व नालियां बनेंगी। इसके लिए 33 सड़कें व नालियों को चिन्हित किया गया है। ब्लॉक अधिकारियों के अनुसार 15वें राज्य वित्त आयोग से मिली राशि से होने वाले इस कार्य को कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
दानपुर ब्लॉक प्रमुख आनंद लोधी ने बताया कि क्षेत्र में जिन सड़कों व नालियों को चिन्हित किया गया है, उन्हें इंटरलॉकिंग टाइल्स व आरसीसी से बनाया जाएगा। इन सभी कामों के लिए शासन से राशि प्राप्त हो गई है। क्षेत्र के गांव यावापुर, ऐदलपुर, चिमावली, वीरपुर, उमरारा, कुसैया फतिहाबाद, भीमपुर, करकौरा, डिबाई देहात, घुसराना, प्रकाशपुर, सुल्तानपुर, मोहम्मदपुर, दानपुर, दौलतनगर, इंदौरखेड़ा, उदयपर, दौंका, मुरादपुर, बगठारी, कुमरौआ, रहमपुर, नगला किड्डा, और जरैना आदि गांवों में कार्य कराए जाएंगे।
टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी। इन कार्यों के होने से क्षेत्र की जनता को लाभ मिलेगा। पिछले काफी समय से इन सड़कों की हालत अच्छी नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।