जल्द ही शहर की सूरत अब बदली-बदली सी नजर आएगी। जर्जर पड़े मार्गों के अलावा चौराहों का विकास कराया जाएगा।
इस पर नगर पालिका और बुलंदशहर विकास प्राधिकरण द्वारा करीब साढ़े तीन करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। कई काम शुरू हो गए हैं, बाकी जल्द ही शुरू होंगे।
नगर के मुख्य कालाआम चौराहे से अंसारी रोड तक सात मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
इस सड़क का निर्माण करीब 77 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है।
इसके अलावा मामन चौकी से भूतेश्वर रोड तक 32 लाख का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
खुर्जा रोड से मामन चौकी तक 54 लाख रुपये से जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
वहीं साठा सब्जी मंडी से पुल तक 25 लाख रुपये की कीमत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
बेहतर हो सकेगी सफाई व्यवस्था
जर्जर पड़े मार्गों के कारण शहर की सफाई व्यवस्था भी ध्वस्त पड़ी हुई है। सड़कों के बनने से साफ-सफाई भी पहले की अपेक्षा बेहतर हो सकेगी। जर्जर सड़कों पर पालिका द्वारा खरीदी गई सफाई की महंगी मशीनें भी नहीं चल पाती हैं।
पालिका द्वारा सड़कों के निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपया खर्च किया जा रहा है। सभी टेंडर जारी हो चुके हैं। कुछ मार्गों पर काम भी शुरू कर दिया गया है।
एके सिंह, ईओ, नगर पालिका
डीएवी से कालाआम तिराहे तक मार्ग का चौड़ीकरण और विकास कराया जाएगा। डेढ़ करोड़ से काम किया -मणिकांत गुप्ता, एक्सईएन बीडीए