बुलंदशहर। बढ़ती गर्मी के कारण शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में लू व डिहाइड्रेशन के 286 मरीज उपचार कराने पहुंचे। संबंधित को पंजीकरण कराने के बाद चिकित्सकों ने परामर्श दिया। चिकित्सकों ने लोगों से शरीर में पानी की कमी न रहने की सलाह दी है। कहा कि शरीर में पानी की पूर्ति के लिए समय-समय पर पानी जरूर पीएं। वहीं, सात मरीजों को वार्ड में भर्ती कर इलाज दिया गया।
जिले का अधिकतम तापमान पिछले कई दिनों से 40 से 44 डिग्री के बीच चल रहा है। ऐसे में सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप पड़ने से लोग लू व डिहाइड्रेशन की चपेट में आ रहे हैं। जो प्रतिदिन जिला अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को बुखार, डायरिया, पेटदर्द व उल्टी-दस्त के 286 मरीजों को चिकित्सकों ने परामर्श दिया। फिजिशियन डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि गर्मी के चलते उल्टी-दस्त समेत अन्य बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। गर्मी बढ़ने पर बच्चों का खास ख्याल रखने और समय-समय पर सभी को पानी पीने की सलाह दी जा रही है।
शुक्रवार को ओपीडी में 286 मरीजों ने उल्टी-दस्त, डायरिया, पेटदर्द आदि की समस्या बताई। संबंधित को दवा देकर घर भेज दिया गया। इमरजेंसी में गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती करा दिया गया। - डॉ. राजीव प्रसाद, सीएमएस जिला अस्पताल