बुलंदशहर। खंड शिक्षा अधिकारी शिकारपुर में चल रहे प्रशिक्षण में 27 शिक्षक अनुपस्थित मिले। डायट प्राचार्य के निरीक्षण में यह खुलासा हुआ। उन्होंने बीएसए को इन सभी शिक्षकों पर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य प्रवीण कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिले की सभी बीआरसी पर इन दिनाें एफएलएन व एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा है। उन्होंने बृहस्पतिवार बीआरसी शिकारपुर का निरीक्षण किया तो 27 शिक्षक अनुपस्थित मिले। कहा कि प्रशिक्षण में भाग न लेकर इन शिक्षकों ने लापरवाही बरती है।
साथ ही प्रशिक्षण में दी जाने वाली जानकारी से वंचित रहे हैं। इसलिए इन सभी शिक्षकाें पर कार्रवाई के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। दूसरी ओर बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि अनुपस्थित मिले शिक्षकों की सूची और कार्रवाई के निर्देश मिलने पर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। नोटिस का सही जवाब नहीं मिलने पर इन सभी शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई होगी।