फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: बारिश से गिरे 20 मकान, मां-बेटे समेत 10 लोग हुए घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर/छतारी/अहार/सिकंदराबाद/बुगरासी/औरंगाबाद/अहमदगढ़/नरौरा। जिले में बुधवार देर रात तक जारी रही बारिश से कई जगह जानमाल का नुकसान हुआ है। 20 से अधिक मकान गिरने की सूचना मिली है। मलबे में दबने से मां-बेटे समेत 10 लोग घायल भी हुए हैं। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है।
विज्ञापन


अहार क्षेत्र के गांव शिकोई में तेजवीर सिंह का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। जिसमें तेजवीर की पत्नी रजनी देवी और बेटा दीपक दब गए। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दोनों को मलबे से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। गांव के सुमित कुमार का मकान भी ढह गया। उसकी चार वर्षीय पुत्री यशोदा दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, लाल सिंह के मकान का आधा हिस्सा भी भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर लाल सिंह की पत्नी दया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर एसडीएम प्रियंका गोयल, सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी व तहसीलदार बालेंदु ने गांव पहुंचकर घटना का जायजा लिया।



सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव पिलखनवाली में मनीराम सैनी का मकान भी बुधवार की रात अचानक भरभरा कर गिर गया। कमरे में रखा सामान मलबे में दब गया। गांव निवासी किसान कलवा का टीन शेड और पुवा का भी मकान गिर गया। एसडीएम रेनू सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। नरौरा के रामघाट थाना क्षेत्र के ग्राम महाराजपुर व पेसरी में नौ मकान गिर गए। हादसे में व्यक्ति घायल हो गया।
विज्ञापन

औरंगाबाद क्षेत्र के गांव इलना में बुधवार रात चार सगे भाइयों चंद्रपाल, तेजवीर, संजू व गोपाल के मकान भरभराकर गिर पड़े। ग्रामीणों ने मलबे में दबे पशु और सामान को बाहर निकाला। छतारी क्षेत्र के नाई नगला गांव निवासी दशरथ ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उनके मकान के अंदर की छत टूटकर गिर गई। इससे कमरे के अंदर रखे बर्तन, चारपाई, कपड़े व अन्य सामान खराब हो गया है। बुगरासी में इंटर कॉलेज की स्टेडियम की करीब 100 फुट लंबी दीवार भी बारिश की वजह से ढह गई।



अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव अकरवास कनैनी गांव में एक मकान का लेंटर गिर गया। इसमें दबकर अनीता देवी (40) और प्रेमपाल सिंह (70) मलबे में दब गए। शिकारपुर तहसील से तहसीलदार विपिन कुमार व एसडीएम दीपक कुमार पाल मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से मलबे को हटवाकर दोनों लोगों को बाहर निकलवाया। नरसेना क्षेत्र के गांव पिलखनी निवासी संजू शर्मा की भैंस दीवार के नीचे दबने से घायल हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें